जोगिंद्रनगर के 17 ठेकेदारों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, मजदूरों संग धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग मंडल जोगिंद्रनगर में पूरे हो चुके कामों का भुगतान न होने पर ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ठेकेदारों ने श्रमिकों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। ठेकेदारों के मुताबिक नियमानुसार विभिन्न आवंटित कार्यों को पूरा करने के बाद भी उनका लाखों रुपये का भुगतान रोक रखा है। विभाग के अधिकारियों के साथ लिखित पत्राचार करने के बाद भी भुगतान करने को लेकर कई प्रकार के बहाने बनाए जा रहे हैं। इससे ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उपमंडल के 17 ठेकेदारों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय प्रशासन से भी लिखित तौर पर पत्राचार किया है। ठेकेदार पृथी चंद, राजीव कुमार, सुशील, खेम सिंह, विनोद राणा, अभिषेक, विजय सिंह और अन्य ने लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों को पूरा करने के बाद उनके भुगतान न करने पर नाराजगी जताई है। कहा कि अगर उनका लंबित भुगतान जल्द नहीं किया गया तो वे मजदूरों संग धरना-प्रदर्शन करेंगे। वहीं, विभागीय उच्चाधिकारियों का भी घेराव किया जाएगा। बताया कि 200 से अधिक मजदूरों का भुगतान भी लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी के कारण नहीं हो पा रहा है।
बॉक्स
लोक निर्माण विभाग की ओर से आवंटित विकास कार्यों में बजट का प्रावधान है, उसकी अदायगी भी नियमानुसार की जा रही है। कार्यों की स्थिति हासिल करने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-जेपी नायक, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडल जोगिंद्रनगर