आक्रोश के बाद सिलिंडर लेकर पहुंचा वाहन, लेकिन कुछ रह गए वंचित
गडूही, हार, वाता री बिंहू में दो माह तक आपूर्ति न होने पर फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल के भराडू क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की कमी को लेकर शनिवार को उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों की लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। सुबह करीब दस बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में पूर्व सैनिक कश्मीर सिंह, नागेश, गोपाल, मोहन सिंह, पूर्व पंचायत प्रधान रीता ठाकुर, गोपाल बिष्ट और माकपा नेता कुशाल भारद्वाज सहित कई लोग शामिल हुए। इससे पहले उपभोक्ताओं ने भराडू में पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि भराडू पंचायत में पिछले दो महीनों से घरेलू गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को भोजन बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धरना-प्रदर्शन में शामिल सोनिया, रीना, नरेंद्र, अनिल और मोनिका समेत अन्य लोगों ने बताया कि कई किलोमीटर पैदल चलने के बावजूद उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा, जिसके चलते उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
ग्रामीणों के आक्रोश के बाद भराडू पंचायत में गैस की गाड़ी तो पहुंची, लेकिन कुछ उपभोक्ता अब भी गैस सिलिंडर से वंचित रहे। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
बॉक्स
इंडेन गैस एजेंसी जोगिंद्रनगर के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि भराडू पंचायत में निर्धारित रूट के अनुसार गैस की आपूर्ति की जा रही थी। हालांकि, सिलिंडरों की कमी के चलते कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि शनिवार को गैस की गाड़ियां भेज दी गई हैं और जल्द ही उपभोक्ताओं के घर-द्वार तक नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।