धर्मपुर (मंडी)। आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को विधायक चंद्रशेखर ने ग्राम पंचायत देवगढ़ के खजुरटी और चोलंगढ़, ग्राम पंचायत भदेहड़ के बलेहड़ और भदेहड़ में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि मंझयार-फनेहल सड़क में डंगा लगाने का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही सड़क को बस योग्य कर दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और मजदूरों की मेहनत से लगभग सभी सड़कें बस योग्य बन पाई हैं। कहा कि उचित स्थान चिह्नित होने पर जल्द ही भदेहड़ पंचायत घर का निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक चंद्रशेखर का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने पेयजल, सड़क मरम्मत और रोजगार संबंधी कई मुद्दे रखे, जिन पर विधायक ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने युवाओं से सरकार की विभिन्न रोजगार एवं स्व-रोजगार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।इस मौके पर देवगढ़ पंचायत प्रधान संजीव कुमार, प्रधान भदेहड़ रणजीत सिंह, लुदर सिंह, सुदेश कुमार, समस्या देवी, सुनील कुमार, भूप सिंह, राकेश आदि मौजूद रहे। संवाद