मंडी। जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की बैठक बुधवार को जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्ज एफआईआर पर चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए विरोध जताया।
बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया और एफआईआर रद्द करने की मांग उठाई। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। चंपा ठाकुर ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल के शुद्धिकरण के खिलाफ आवाज उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना उचित नहीं है।
उन्होंने सरकार से एफआईआर तत्काल रद्द करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कार्यप्रणाली से जनता में रोष है और समय आने पर जनता इसका जवाब देगी। प्रदर्शन में अनिल सेन, नरेश चौहान, रंजन शर्मा, प्रेमलाल गुड्डू समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।