क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के विकास कार्यों का जायजा लेते स्वास्थ्य निदेशक और अन्य। -स्रोत : संस्था
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में रूके पड़े पब्लिक हेल्थ लैब निर्माण कार्य की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. गोपाल बैरी ने वीरवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लैब निर्माण को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए और इसके महत्व पर जोर दिया।
डॉ. बैरी ने अस्पताल परिसर के रखरखाव, सौंदर्यकरण और स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि लैब के पूरा होने से मरीजों को सभी टेस्ट की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी और रिपोर्ट भी शीघ्र मिलेगी, जिससे इलाज में तेजी आएगी। अस्पताल के एमएस डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि पुराने गायनी वार्डों को उखाड़कर 1.25 करोड़ रुपये की लागत से यह लैब बनाई जा रही है। फिलहाल कार्य में केवल दीवारों का उखाड़ना और सेल्फ का निर्माण हुआ है। पिछले सात माह से काम रुका हुआ था, लेकिन ठेकेदार को एनएचएम की ओर से नोटिस जारी कर शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।