धर्मपुर (मंडी)। जालंधर-मंडी-अटारी वाया धर्मपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से निकला मलबा पुराना धर्मपुर क्षेत्र के नालों में डाले जाने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि आगामी बरसात के दौरान यह मलबा नालों का रास्ता रोक सकता है, जिससे पानी घरों की ओर मुड़कर भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर पुराना धर्मपुर के लोगों ने एसडीएम धर्मपुर व वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मपुर को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत मिलने के बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मपुर पवन कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासी जालम सिंह, बलवंत शर्मा, चेतन शर्मा, सुरेश शर्मा, प्रोमिला देवी, शीतल कुमार, साधु राम, हरिया राम व संजय कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि नालों में डाली गई मिट्टी व मलबे को तुरंत हटाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने पर मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछली बरसात के दौरान धर्मपुर क्षेत्र में पहले ही भारी नुकसान हो चुका है और यदि अब नालों की सफाई नहीं की गई तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। बीते बरसात में पाड़च्छू पुल के पास अवैध डंपिंग कहर बरपा चुकी है, लेकिन इससे सबक नहीं लिया जा रहा है।
वहीं वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मपुर पवन कुमार ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण किया है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस मामले में एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने कहा कि लोगों की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों से बात कर नालों में डाली गई मिट्टी और मलबे को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए जाएंगे।
0000