बीणा पंचायत के प्रधान पर लगाए गए हैं अनियमितताओं के आरोप
जिला विकास अधिकारी मंडी ने बीडीओ से तलब की जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। ग्राम पंचायत बीणा के प्रधान पर पंचायत के ही पूर्व सैनिक टेक चंद ने विकास कार्यों में धांधली के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में टेकचंद ने मुख्यमंत्री, उपायुक्त सहित पंचायती राज विभाग को शिकायत सौंपी है। शिकायत मिलने पर ग्रामीण विकास विभाग के जिला विकास अधिकारी मंडी ने बीडीओ सुंदरनगर को जांच के आदेश देकर रिपोर्ट तलब की है।
शिकायतकर्ता टेक चंद ने आरोप लगाया है कि पंचायत प्रधान ने भूमि सुधार के कार्य में जिन लोगों के नाम बताए हैं, उन लोगों ने कार्य नहीं किया है। जिनकी भूमि में यह कार्य दर्शाया गया है, धरातल में उनकी भूमि पर कोई काम हुआ ही नहीं है। एक ही परिवार के दो से तीन सदस्यों के नाम पर जिन कार्यों की स्वीकृति हुई है, उनके नाम पर भूमि तक नहीं है। यह नियमों के विपरीत है। एक ही कार्य पर तीन-तीन लाख रुपये की राशि दो बार खर्च किया जाना दर्शाया गया है। एक ही कार्य पर दो बार राशि खर्च किए जाने में धांधली की गई है। पशु शेड की राशि वितरण में भी घोटाले के आरोप पर लगाए हैं। टेक चंद ने बताया कि धंधरासी में एक रोड का निर्माण कार्य महज कागजों में दिखाया गया है जबकि धरातल पर कोई कार्य ही नहीं हुआ है। उसके साथ ही अनेक अन्य विकास कार्यों में भी धांधली का आरोप लगाया है।
पंचायत प्रधान कर्म सिंह ने कहा है कि सारे आरोप निराधार हैं। जांच अधिकारी को जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी सुंदरनगर विवेक चौहान ने बताया कि पंचायत प्रधान के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायत मिली है। उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच रिपोर्ट तलब की है। जांच को लेकर कमेटी का गठन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आगामी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। संवाद