54 पंचायतों के 300 से अधिक लोगों ने घटासनी में किया प्रदर्शन
एनएचएआई को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर/पधर (मंडी)। घट्टा-पधर फोरलेन की मांग को लेकर शनिवार को घटासनी में 54 पंचायतों के 300 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने एनएचएआई से 2016-17 में तैयार डीपीआर के अनुसार फोरलेन की पुरानी अलाइनमेंट को बरकरार रखने की मांग की। संघर्ष समिति ने चेताया कि अलाइनमेंट बदली गई तो प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष बृज गोपाल अवस्थी ने कहा कि पुरानी डीपीआर में घट्टा से ऐहजू, चौंतड़ा, जोगिंद्रनगर बाईपास, शानन, हराबाग, गुम्मा और घटासनी तक मार्ग प्रस्तावित था। अब नई योजना की बात सामने आने से क्षेत्र के लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों के हितों को देखते हुए पुरानी योजना के आधार पर ही काम आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
सेवानिवृत्त लोक निर्माण विभाग अधिकारी उत्तम सिंह और सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार शरद सिंह ने कहा कि अलाइनमेंट में बदलाव किया गया तो समिति कानूनी लड़ाई लड़ेगी। पूर्व पार्षद प्यार चंद ने कहा कि नारला-बिजनी मार्ग के विस्तार के बावजूद घट्टा-पधर सड़क लंबे समय से विकास की प्रतीक्षा कर रही है। हारगुनैण पंचायत प्रधान मुकेश ने कहा कि महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद इसके सुधार में अपेक्षित गति नहीं आई। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने नारला-बिजनी मार्ग पर चल रहे कार्य की गुणवत्ता और निर्माण से आम लोगों को हो रही परेशानियों पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शन में बरोट, झटींगरी, टिक्कन, कंधार, जिलहन, डलाह, लपास, उरला, तसवान, कलैहड़, सिलहबुधानी, रोपा, कथौण, बधेरी, हारगुनैण, जिमजिमा, डोहग, योरा, ऐहजू, बदेहड़, गलू, ढेलू, मटरू, टिकरी मुशैहरा और पसल समेत विभिन्न पंचायतों के लोग मौजूद रहे।
साइट इंजीनियर एनएचएआई अंकित ने बताया कि घट्टा से पधर तक फोरलेन के निर्माण की कोई भी डीपीआर अभी तक तैयार नहीं हो पाई है। एनएचएआई राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क के सुरक्षित निर्माण को लेकर सर्वे कर रही है।