बीड़ रोड़ पर थार गाड़ी की चपेट में आया युवक। स्त्रोत- वीडियोग्रैब
बीड़ रोड पर बस बदलने के दौरान हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीड़ रोड के पास थार वाहन की टक्कर से कॉलेज का 18 वर्षीय छात्र घायल हो गया। हादसे में छात्र के सिर और पैर में चोटें आईं हैं। प्राथमिक उपचार और सीटी स्कैन के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताते हुए घर भेज दिया है।
बीड़ निवासी प्रवीण कुमार जोगिंद्रनगर कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। बुधवार दोपहर कॉलेज से घर लौटते समय बीड़ रोड के पास दूसरी बस लेने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वह थार वाहन की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत पपरोला अस्पताल पहुंचाया, जहां से सीटी स्कैन के लिए पालमपुर रेफर किया गया।
जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी। घायल छात्र के पिता कुलविंदर मेहनत-मजदूरी करते हैं। हादसे के बाद परिवार चिंतित है। पुलिस ने मामले में छात्र और परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीड़ पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश ठाकुर ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।