पदोन्नति, डीए और लंबित एरियर की मांग को लेकर काली पट्टियां बांधकर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को राजकीय डिग्री कॉलेज मंडी में प्राध्यापकों ने गेट मीटिंग कर काली पट्टियां बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इसके बाद मांगों के समर्थन में दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया।
प्राध्यापकों का कहना है कि पदोन्नति, कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस), महंगाई भत्ता (डीए) और लंबित एरियर सहित कई मांगें लंबे समय से सरकार के समक्ष रखी जा रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे महाविद्यालय शिक्षकों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ की प्रदेश अध्यक्षा वनीता सकलानी ने कहा कि कॉलेज शिक्षकों के लिए कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम की अधिसूचना शीघ्र जारी की जाए और पदोन्नति के सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाए। उन्होंने मांग की कि लंबित डीए की किस्तें जारी करने के साथ-साथ शिक्षकों के बकाया एरियर का भी जल्द भुगतान किया जाए। अन्य विभागों के कर्मचारियों को समय-समय पर पदोन्नति और वित्तीय लाभ मिल रहे हैं। जबकि महाविद्यालय प्राध्यापकों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।