मंडी। सेरी मंच पर मनाए जाने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को नगर निगम अधिकारियों की देखरेख में समारोह स्थल की साफ सफाई की गई। नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर के दिशा-निर्देशों पर नगर निगम की टीम ने मंडी शहर में सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान अग्निशमन विभाग के साझा प्रयासों से इंदिरा मार्केट की छत, संकन गार्डन स्थित शहीद स्मारक, गांधी चौक पर गांधी प्रतिमा, सेरी चानणी पौड़ियों और उपायुक्त कार्यालय परिसर, सड़क पर पानी की बौछार करके धुलाई की गई। नगर निगम के सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया ने बताया कि आयुक्त के निर्देशों से शहरभर में सफाई की गई।
मंडी के सेरी मंच पर सोमवार सुबह जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। समारोह में युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। संकन गार्डन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। सेरी मंच पर पहुंच कर तिरंगा फहराने के बाद मार्चपास्ट का निरीक्षण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह के सफल आयोजन को लेकर रविवार को नगर निगम की टीम व अग्निशमन विभाग के दल ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इधर, गणतंत्र दिवस की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया। पुलिस, एनसीसी, स्कूली छात्राओं तथा होमगार्ड के जवानों ने रिहर्सल में भाग लिया।
000