सुंदरनगर में बीबीएमबी की वालीबाल टूर्नामेंट की विजेता टीम सीआईएसएफ को ट्रॉफी देते मुख्य अतिथि।
सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल परियोजना बीबीएमबी सुंदरनगर की खेल समिति की ओर से आयोजित बीएसएल वॉलीबाल टूर्नामेंट का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीएसएल सर्किल-02 की टीम को 11 अंकों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टूर्नामेंट में बीएसएल परियोजना के विभिन्न कार्यालयों तथा सीआईएसएफ यूनिट सहित कुल पांच टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला सीआईएसएफ और सर्किल-02 के बीच खेला गया। इसमें सीआईएसएफ ने 97 अंक अर्जित किए जबकि सर्किल-02 की टीम 86 अंकों तक ही पहुंच सकी। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में डिप्टी चीफ इंजीनियर कश्मीर सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम सीआईएसएफ को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां संगठन में अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को सुदृढ़ बनाती हैं। इस अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता गुलशन मान आदि मौजूद रहे। संवाद