भूतनाथ मंदिर में सुबह चार बजे से लगीं भक्तों की कतारें
श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार
व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्यूआरटी की तैनात
जिलेभर के शिवालयों में सुबह से उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। महाशिवरात्रि पर्व शुरू होते ही रविवार सुबह से छोटी काशी मंडी बाबा भूतनाथ के रंग में रंग गई। मंदिर के मुख्यद्वार से स्वयंभू शिव लिंग और पूरे परिसर को फूलों से सजाया गया। एक माह पूर्व तारा रात्रि से शनिवार आधी रात तक शिवलिंग पर चढ़ाए मक्खन रूपी घृतमंडल को उतारकर इसे वास्तविक स्वरूप में लाया गया। रूद्राभिषेक करने के बाद सुबह चार बजे से श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन, पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में लगे रहे। दर्शनों के लिए श्रद्धालु शाम छह बजे तक लंबी कतारों में लगे रहे।
घृतमंडल से उतारे मक्खन को श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में बांटा गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए भूतनाथ मंदिर और शहर भर में क्यूआरटी दल तैनात रहा।
रविवार सुबह चार बजे से बाबा भूतनाथ के दर्शनों के लिए मंदिर परिसर से डाकघर मार्ग तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शनों के लिए दूर-दूर से मंडी पहुंच हैं। बाबा भूतनाथ की पूजा-अर्चना करने और भोग लगाने के लिए श्रद्धालुओं ने धूप-दीप, दूध, दही, भांग-धतुरा, बिल्व पत्ती चढ़ा कर दर्शन किए। मंडी शहर से टारना निवासी मीना देवी, बैहना से विमला देवी, मंडी कॉलेज में स्नातक कर रही बरोट लोहारड़ी से करीना व प्रीति ने बताया कि वह सुबह 10 बजे से कतारों में खड़े हैं। 12 बजे तक मंदिर के मुख्य तक ही पहुंच पाए हैं। बताया कि हर बार की तरह उन्होंने व्रत रखा है और बाबा भूतनाथ के दर्शनों के लिए आए हैं।
उधर, बाबा भूतनाथ मंदिर के महंत दयानंद सरस्वती ने बताया कि बाबा भूतनाथ में सुबह 3:00 बजे से महाशिवरात्रि पर्व का आगाज को गया है। श्रद्धालु दिन भर बाबा के जयकारे लगाते हुए दर्शन करते रहे।
मंडी में महाशिवरात्रि पर बाबा भूतनाथ के दर्शन करने को श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतारें। संवाद