हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में पुलिस ने चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। शनिवार रात मंडी शहर के खलियार में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने रात करीब 10:00 बजे कार सवार दो चिट्टा तस्करों को 288 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में शामिल कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। आरोपी काफी समय से मंडी, पधर और जोगिंद्रनगर इलाके में चिट्टा तस्करी में सक्रिय थे और मंडी पुलिस इनकी तलाश में थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को हेड कांस्टेबल भानु प्रताप की अगुवाई में मंडी थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खलियार इलाके में नाका लगाया। उस दौरान रात करीब 10:00 बजे जोगिंद्रनगर की तरफ से एक कार आई। इसमें दो व्यक्ति बैठे थे। चेकिंग के दौरान कार में से 288 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान चिरंजी लाल 29 निवासी गांव गैल डाकघर उरला तहसील पधर जिला मंडी और राजमल 49 निवासी गांव सरवाला डाकघर गवाली तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है।
पकड़ी गई खेप की कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपये आंकी गई है। मंडी पुलिस की ओर से इस वर्ष की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि चिरंजी लाल चिट्टा तस्करी में सक्रिय था और दूसरी एजेंसियां भी इसके पीछे थी, लेकिन मंडी पुलिस ने इसे दबोच लिया।
आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार चिरंजी निकला चिट्टा की डिलीवरी के लिए ही हुआ था। यह खेप मंडी और आसपास किसी पैडलर को दी जानी थी और आगे पहुंचाई जानी थी। पुलिस पूछताछ में चिरंजी ने बताया कि खुद उसे माल मोबाइल पर बातचीत के आधार पंजाब और दिल्ली से मिलता था। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मामले में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।