सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट क्षेत्र में बंद पड़े एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। शातिरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। शातिरों ने बच्चों की गुल्लक को भी नहीं छोड़ा और अपने साथ ले गए। इस संबंध में पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अनित कुमार निवासी गांव वार्ड नंबर 1 लाका डाकघर व तहसील सरकाघाट ने बताया कि 17 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ पुराने घर कंडयोल गया हुआ था। 18 जनवरी को जब वह अपने वर्तमान घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर बेडरूम में रखी अलमारी खुली पड़ी थी, कपड़े बिखरे हुए थे और गहनों के डिब्बे खाली थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार अलमारी में रखे सोने के गहनों में एक मंगलसूत्र, नथ, टिक्का, अंगूठी, झुमके और एक क्लिप चोरी हो गई है। इसके अलावा चांदी के गहनों में तीन जोड़ी पायलें भी गायब पाई गईं। शातिर बच्चों की गुल्लक भी ले गए, जिसमें लगभग 2 से 3 हजार रुपये नकद थे। शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और शातिरों का सुराग लगाने के प्रयास जारी हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। संवाद
...................
पुलिस का वर्जन