मंडी। द्रंग विकास खंड में परिजनों की ओर से अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की जबरन शादी करवाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन मंडी की टीम मौके पर पहुंची तथा परिजनों को समझाने के बाद बाल विवाह को रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार द्रंग विकास खंड में परिजन अपनी नाबालिग बेटी का विवाह कर रहे थे। इसकी सूचना किसी व्यक्ति ने चाइल्ड लाइन को 1098 नंबर के माध्यम से दी। चाइल्ड लाइन ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी से संपर्क कर संयुक्त टीम बना कर बालिका के घर पहुंचे। उसके माता पिता से बात कर उन्हें बाल विवाह के नियमों के बारे बताया। बालिका के माता पिता के न मानने पर उन्हें मंगलवार को बाल कल्याण समिति मंडी के समक्ष लाया गया। समिति ने उन्हें बाल विवाह के दुष्प्रभावों और ऐसा करने पर कानून के मुताबिक दिए जाने वाली सजा के बारे में जानकारी दी। इस पर बालिका के माता पिता ने बाल कल्याण समिति के समक्ष अपने बयान कलमबद्ध करवाते हुए बेटी के 18 वर्ष की होने पर ही उसकी शादी करवाने की बात कही। जानकारी के अनुसार द्रंग में नाबालिग बालिका के माता-पिता की ओर से 10 फरवरी को जबरन बेटी की शादी होनी तय की गई थी।
00