तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर, ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान
लोक निर्माण विभाग को दो दिन में करीब 40 लाख की क्षति
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में बुधवार देर रात से वीरवार दोपहर तक हुई मूसलाधार बारिश ने फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। नालों में आई बाढ़ से भराडू गोसदन के समीप बना चेक डैम बह गया, जबकि गोसदन की सुरक्षा दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है।
भराडू गोसदन के पास स्थित नाले में अचानक आए तेज बहाव से चेक डैम क्षतिग्रस्त होकर बह गया। तेज जलप्रवाह के दबाव से गोसदन की सुरक्षा दीवारों को भी नुकसान पहुंचा, जिससे गोसदन पर खतरा मंडराने लगा। वहीं, ऐहजू-बसाही सड़क पर लखनोट के समीप भूस्खलन होने से बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बारिश का सबसे अधिक असर दुर्ब्बल, गलमाठा, नोहली, समखेतर, मच्छयाल, गुगली और रणा खड्ड क्षेत्रों में देखने को मिला। समखेतर के पास नाला उफान पर आने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, मच्छयाल, गुगली और रणा खड्ड में जलस्तर बढ़ने से आसपास के रिहायशी क्षेत्रों के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।उधर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंडल जोगिंद्रनगर के अधीन उपमंडल पधर की कई सड़कें भूस्खलन के कारण बाधित रहीं।
लोक निर्माण विभाग सर्किल जोगिंद्रनगर के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि ताजा बारिश से विभाग को 39.85 लाख रुपये की क्षति हुई है।