सिटी पुलिस चौकी को जाने वाली गली में चालान करते पुलिस जवान। संवाद
मंडी। नगर निगम क्षेत्र में तंग गलियों में वाहन खड़ा करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को सिटी चौकी की तरफ से महाजन बाजार जाने वाली गली में बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों के चालान किए गए। बता दें कि शहर की गलियों में वाहनों के खड़ा रहने से लोगों को ऑटो और रेहड़ी से घर तक सामान पहुंचाने काफी परेशानी आ रही थी। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया था और नगर निगम से कार्रवाई की बात कही थी। लोगों को पेश आ रही समस्या को अमर उजाला ने भी प्रमुखता से उठाया था। तब एएसपी सागर चंद्र ने आश्वासन दिया था कि जल्द गलियों में वाहनों को खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में बुधवार को शहर की गलियों में खड़े दो पहिया वाहनों के चालान किए गए। तंग गलियों में वाहनों के खड़ा रहने से वार्डों में एंबुलेंस और ऑटो से घर तक पहुंचना लोगों के लिए चुनौती है। बुधवार को चालान कर रहे पुलिस जवान भाग सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देशों के बाद गलियों में अवैध तरीके से खड़े वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं। संवाद