सरकाघाट (मंडी)। तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को सरकाघाट और बलद्वाड़ा में शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में औचक छापा मारा। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर बलद्वाड़ा डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चलाए इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 दुकानदारों के चालान काटे गए और मौके पर ही लगभग 3,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग के चीफ फार्मासिस्ट कमल देव, पुलिस विभाग से एएसआई हरदेव सिंह तथा नगर परिषद से नितिन नायक सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने बाजारों में दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने की सख्त चेतावनी दी। संवाद