मंडी में नोट बंद के निर्णय को लेकर केंद्र से आई टीम के डीआईपीपी के अतिरिक्त सचिव व्यापारियों और अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। केंद्र सरकार की ओर नोटबंदी के निर्णय से आम लोगों और बैंकों को हो रही दिक्कतों और इसमें किए जाने वाले सुधारों को लेकर भारत सरकार के डीआईपीपी के अतिरिक्त सचिव संजीव गुप्ता ने मंडी में बैंक अधिकारियों व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नोटबंदी के बाद आम नागरिकों को पेश आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा निकट भविष्य में इसके व्यापक सुधार करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नोटबंदी के बाद अब तक कुल 50 करोड़ 38 लाख रुपये की करेंसी एक्सचेंज की गई है। इसके अतिरिक्त 242 करोड़ 25 लाख रुपये का भुगतान और 966 करोड़ 4 लाख रुपये की प्राप्ति की जा चुकी है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि 8 नवंबर से 30 दिसंबर तक 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि जमा करने वालों की रिपोर्ट आयकर विभाग को दें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त हरीकेश मीणा, परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप कुमार, मंडल प्रमुख पंजाब नेशनल बैंक आरती मट्टू, अग्रणी जिला प्रबंधक टीआर रांटा, अध्यक्ष ग्रामीण बैंक एसके चावला सहित सभी बैंकों के अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, किसान सभा के प्रतिनिधि, ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
उधर, पंजाब नेशनल बैंक मंडी की ओर से क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में नोटबंदी के कारण ग्राहकों को हो रही दिक्कतों से निजात देने के लिए बैंक मित्र की सहायता से नकदी के लेन-देन के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राहकों को नकदी जमा एवं निकासी की सुविधा प्रदान की गई। शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. टीसी महंत द्वारा किया गया।