सरकाघाट स्कूल में शिक्षा संवाद कार्यक्रम में अकादमिक सुधारों पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। स्कूल प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष कमलेश ठाकुर और प्रधानाचार्य अनीता आजाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यालय के भविष्य और अकादमिक सुधारों पर विस्तृत चर्चा की।
संवाद का मुख्य केंद्र बिंदु विद्यालय में सीबीएसई अकादमिक प्रणाली को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करना रहा। प्रशासन ने अभिभावकों के साथ मिलकर यह निर्णय लिया कि छात्रों को आधुनिक शिक्षा पद्धति से जोड़ने के लिए सीबीएसई के मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा। बैठक में अभिभावकों ने कांग्रेस नेता पवन ठाकुर का आभार व्यक्त किया। अभिभावकों का मानना है कि विद्यालय में सीबीएसई से संबंधित आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिससे क्षेत्र के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा का अवसर मिलेगा।
कहा कि सीबीएसई पैटर्न की आवश्यकताओं को देखते हुए विद्यालय में एक नई इमारत का निर्माण, नए शौचालयों और पुराने ढांचे का नवीनीकरण किया जाएगा। छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा। इस अवसर पर राजेश हिमालयन, डॉ. राहुल सुमन, संजय कुमार व अन्य मौजूद रहे।