रिवालसर में चोरों ने दुकान में घुसने के लिए तोड़ी दीवार। स्त्रोत जागरूक पाठक
रात के अंधेरे में चोरों ने घटना को दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
रिवालसर (मंडी)। रिवालसर बाजार में चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पांच दुकानों में सेंधमारी कर हजारों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दुकानों की पीछे की दीवारों में लगे वेंटिलेटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बस स्टॉप के पास स्थित दुकानों में हुई इस चोरी में गुरुदेव के चिकन कार्नर से लगभग 4 हजार रुपये नकद, नागेंद्र टी स्टॉल से करीब 12 हजार रुपये, कमल भाटिया की रेडिमेड कपड़ों की दुकान से लगभग 12 हजार रुपये नकद के साथ करीब दो दर्जन पैंट, कमीज व अन्य परिधान, तथा मनीष कुमार के ढाबे से करीब 15 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। वहीं, सब्जी विक्रेता गीता नंद की दुकान में भी चोरों ने घुसने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
घटना के बाद स्थानीय व्यापार मंडल के प्रधान नरेश शर्मा ने क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। बीच बाजार में हुई इस चोरी से दुकानदारों में रोष व्याप्त है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अहम सुराग मिले हैं। पुलिस जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा करेगी और गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया जाएगा।