करसोग (मंडी)। विकास खंड कार्यालय चुराग की ग्राम पंचायत शोरशन में सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी करसोग की अदालत के आदेश पर पंचायत प्रधान और अन्य चार कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इनमें पूर्व कर्मचारी एवं एक सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल है। पंचायत की ही एक वार्ड सदस्य ने पंचायत प्रधान पर सरकारी धन के दुरुपयोग का शिकायत पत्र अदालत में दायर किया था। पुलिस मामले में तथ्यों की जांच पड़ताल कर रही है।
शिकायतकर्ता महिला वार्ड सदस्य ने पंचायत की ओर से किए जा रहे कई मामलों में अनियमितता एवं सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता रुकमणी देवी ने इसकी शिकायतें पूर्व में संबंधित विभागाध्यक्ष, जिला अधिकारी से की लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। शिकायत में आरोप लगाए हैं कि पंचायत प्रधान ने मस्टररोल में फर्जी हाजिरियां लगाकर सरकारी धन का गबन किया है। इसके अलावा भी विकास कार्यों के नाम गोलमाल हुआ है।
शिकायत में आरोप लगाए हैं कि 80,309 रुपये की लागत से एक टैंक बनकर तैयार होना था। यह सिर्फ कागजों में ही बनाया गया और भुगतान भी कर दिया। सोशल ऑडिट में यह टैंक बना नहीं पाया गया। शिकायत में उन्होंने कई तरह की अनियमितता के आरोप लगाए हैं। उधर, डीएसपी करसोग गौरवजीत सिंह ने कहा कि अदालत के आदेश पर पंचायत प्रधान समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार जांच जारी है।