गोहर (मंडी)। सराज क्षेत्र के गलेंडी-देवधार सड़क मार्ग पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। गलेंडी के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सलाहर निवासी टेक चंद पुत्र सेवक राम शनिवार रात देवधार से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे गलेंडी के पास अचानक वाहन से उनका संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक अकेला ही सवार था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में जांच जारी है। संवाद