मामले में शीघ्र कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रशासन से किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। गोपालपुर क्षेत्र में हाल ही में घटी दुखद घटना के विरोध और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल सरकाघाट के छात्रों एवं स्टाफ ने मंगलवार को एक भावुक कैंडल मार्च निकाला। इस मार्च में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्वक मार्च निकाला और सिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। कई विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं और वातावरण अत्यंत भावुक एवं गमगीन हो गया।
छात्रों ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार गौतम ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे मामलों में शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर शिक्षक नवजोत कुमार तथा अरुण कुमार ने भी छात्रों को संबोधित किया। कैंडल मार्च के दौरान हम न्याय चाहते हैं तथा नशा मुक्त समाज हमारा लक्ष्य जैसे नारों के माध्यम से छात्रों ने अपनी भावनाएं व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।