मंडी। चिकित्सा-स्नातक के पाठ्यक्रमों एमबीबीएस, बीडीएस आदि में प्रवेश पाने के लिए रविवार को होने जा रही प्रवेश परीक्षा नीट यानी राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा के लिए एनटीए ने इस बार कड़े प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को खाली हाथ ही एंट्री मिलेगी। कोई भी लेखन और पाठन सामग्री केंद्र में नहीं ले जाई जा सकेगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने परीक्षा में पारदर्शिता के लिए केंद्र में सभी पुख्ता प्रबंध किए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। परीक्षा केंद्र में जाने से पहले अभ्यर्थियों को जांच से गुजरना होगा। सभी परीक्षार्थियों की हाजिरी भी इस बार बायोमीट्रिक मशीन से ही होगी।
नीट की परीक्षा के लिए जिला मंडी में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इनमें 2004 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्र मंडी, सुंदरनगर और बल्ह में स्थापित किए गए हैं। मंडी में डीएवी मंडी, बाल स्कूल मंडी, बल्ह में फिनिक्स स्कूल, विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट और सुंदरनगर में डीएवी सुंदरनगर और एंजल्स पब्लिक स्कूल में हैं। केंद्रों में 11 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी। वहीं डेढ़ बजे के बाद किसी भी सूरत में केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उधर, नीट परीक्षा के जिला समन्वयक केएस गुलेरिया ने बताया कि जिला के छह केंद्रों में नीट की परीक्षा के लिए सभी प्रबंध कर दिए हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों से आग्रह किया है कि सभी दिशा निर्देशों का एक बार फिर से अध्ययन करें ताकि किसी को भी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।