मंडी कॉलेज नीट परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षा देकर परिजनों संग निकलते परिक्षार्थी। संवाद
मंडी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की ओर से जिले के सात केंद्रों में रविवार को नीट का आयोजन किया। परीक्षा देने के लिए सुबह से ही परीक्षार्थी पहुंचना शुरू हुए।
अभिभावकों के साथ पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ समय इंतजार करना पड़ा। जिले के राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी, सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी, राजकीय विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल मंडी और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी समेत राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
दो बजे से सायं पांच बजे तक परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा को शांतिपूर्वक और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्यालय के संबंधित परीक्षा केंद्रों के आसपास दोपहर 12 बजे से सायं 6 बजे तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रही। एसडीएम सदर मंडी रूपिंदर कौर ने बताया कि परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। संवाद