छह पंचायतों के यात्रियों को पेश आ रही दिक्कत
यात्री बोले, इस बस सेवा से मिलता है काफी लाभ, अब टैक्सी पर निर्भर यात्री
मामला ध्यान में है, जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा रूट : आरएम पठानकोट
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी। पठानकोट से ददरियाड़ा रूट पर दौड़ने वाली सरकारी बस एक सप्ताह से ठप है। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि इस बस सेवा से उन्हें काफी लाभ मिलता रहा है, मगर इस बस के बंद होने से अब उन्हें टैक्सी और निजी बसों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस बारे वे कई बार गुहार लगा चुके हैं। मगर एचआरटीसी पठानकोट की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इस बात को लेकर यात्रियों में काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार इस बस सेवा से क्षेत्र की ग्राम पंचायत साडल, परसियारा, गदरियाडा़, रायपुर, जन्दरोग चुवाड़ी की करीब चार हजार की आबादी को लाभ पहुंचता है। मगर यह बस सेवा बंद होने से अब लोगों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। ग्राम पंचायत साडल के उप प्रधान तिलक सिंह नरयाल, महिंद्र सिंह, राजेश कुमार, दीपक कुमार, कमला देवी, करण सिंह, रमन सिंह, हरि सिंह, बलदेव राज ने बताया कि सुबह यह बस ददरियाड़ा से 5:35 में पहुंचती है और सुबह 6:20 मिनट पर चुवाड़ी पहुंचती है। इसके बाद आगामी रूट पर बस रवाना होती है। पठानकोट से यह बस दोपहर साढ़े तीन बजे चलती है और चुवाड़ी 6:15 बजकर पहुंच जाती है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द बस सेवा को बहाल किया जाए। ताकि लोगों को राहत मिल सकें।
आरएम पठानकोट गोपाल सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि जल्द ही इस बस रूट को बहाल कर दिया जाएगा। ताकि, लोगों को सुविधा मिल सकें।