चैलचौक से जंजैहली की ओर रवाना हुई इलेक्ट्रीक बस चार्जिग खत्म होने से खारसी के पास बस रुकी। स्र
जंजैहली-शिमला रूट पर मंडी डिपो की नई इलेक्ट्रिक बस बनी परेशानी का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। शिमला से जंजैहली लौट रही मंडी डिपो की नई इलेक्ट्रिक बस की बैटरी चार्जिंग रास्ते में ही खत्म हो गई। जैसे ही बस चैलचौक से जंजैहली की ओर रवाना हुई तो 12 किलोमीटर दूर खारसी के पास बस रुकने के बाद यात्रियों को पैदल ही आगे जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
नई बसों के संचालन को लेकर यह मामला सवाल खड़े कर रहा है कि लंबी दूरी के रूट पर भेजने से पहले बस की चार्जिंग और संचालन व्यवस्था को लेकर पर्याप्त तैयारी की गई थी या नहीं। यात्रियों को बीच रास्ते में परेशानी झेलनी पड़ी और बस में सवार लोगों में भी रोष देखने को मिला। स्थानीय निवासी पुनीत, देविंदर, तिलक, गुलाब सिंह, मुकेश शर्मा सहित अनेक लोगों ने परिवहन निगम से मांग की है कि इलेक्ट्रिक बसों को लंबी दूरी के रूट पर भेजने से पहले चार्जिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक मंडी हरजिंद्र चौधरी ने बताया कि बस तकनीकी कारणों के कारण खारसी के समीप रुक गई है। इसे दरुस्त करने के लिए मंडी डिपो से तकनीकी टीम मौके पर भेज दी गई है।