उपायुक्त मंडी को पत्र सौंपते भराड़ू गौसदन के पदाधिकारी। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। भराड़ू गोसदन में नए भवन के निर्माण में फिर बजट की बाधा आ गई है। ऐसे में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को स्थायी ठिकाना दिलाने के लिए गोसदन संचालकों ने फिर उपायुक्त मंडी से आर्थिक सहायता की मांग की है। करीब 20 लाख रुपये का बजट भराडू गोसदन में नए दो मंजिला भवन पर खर्च होगा। इसमें अभी तक आठ लाख रुपये की धनराशि जिला प्रशासन के सहयोग से खर्च की जा चुकी है।
शुक्रवार को भराड़ू गोसदन के अध्यक्ष विजय जम्वाल, कोषाध्यक्ष अजय ठाकुर ने बताया कि यहां 40 से अधिक गोवंश को शरण दिलाई जा चुकी है, लेकिन सर्द मौसम में अभी भी सड़कों पर काफी संख्या में गोवंश घूम रहा है, जिसे स्थायी ठिकाना दिलाने के लिए नए दो मंजिला गोसदन का निर्माण का कार्य शुरू किया गया है।
बजट की कमी से यह निर्माण कार्य अधर में लटक चुका है। समस्या के समाधान को लेकर उपायुक्त मंडी को पुनः पत्राचार कर बजट की मांग की गई है, ताकि निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाकर इसमें बेसहारा गौवंश को शरण दिलाई जा सके। अजय ठाकुर ने बताया कि नए भवन में करीब 40 गोवंश को शरण दिलाने की योजना है। उधर, उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि बजट उपलब्ध करवाने के लिए उचित माध्यम से पत्राचार किया जा रहा है।