धोखाधड़ी का केस लड़ने के लिए इन दोनों अधिवक्ताओं ने लिए थे 25 हजार रुपये
डैहर निवासी चैना राम ने पुलिस थाना सुंदरनगर में दर्ज करवाई शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस थाना सुंदरनगर में बिलासपुर जिला से संबंध रखने वाले पेशे से अधिवक्ता भाई-बहन पर आठ बिस्वा भूमि हथियाने और 25 हजार रुपये नकदी को लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर थाना में दर्ज शिकायत में चैना राम पुत्र संतराम निवास गांव अलसू डाकघर और उपतहसील डैहर ने कहा कि उसके भाई प्रकाश चंद के साथ एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी से उसकी सारी जमीन मकान सहित केवल 25 लाख रुपये में हथिया ली थी। इसके बारे में जब बात फैली तो मौके का फायदा उठाने के लिए ठगी के इरादे से उनके घर बिलासपुर जिला निवासी पेशे से वकील भाई-बहन अपने माता-पिता और बहनों के साथ उनके घर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों के माता-पिता ने कहा कि उनका बेटा और बेटी टॉप क्लास के वकील हैं और यह आपको न्याय दिलाएंगे।
शिकायतकर्ता चैना राम ने आरोप लगाया है कि ये सब लोग उन्हें ठगने के इरादे से ही घर आए थे। इनमें महिला वकील ने कहा कि वह 25 हजार रुपये में उनका पूरा मुकदमा लड़ेंगी। इसके बाद उन्होंने वकील भाई-बहन को 25 हजार रुपये दे दिए। मुकदमा लड़ने को लेकर वकील भाई-बहन ने अनगिनत कागजों पर उसके और भाई के हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद जो वकील कहते गए ये लोग वैसा ही करते गए। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें पता चला है कि इन अधिवक्ता भाई बहन और उनके परिजनों ने उनकी मलकियत आठ बिस्वां भूमि हथिया ली है। इसी के साथ मुकदमा लड़ने को लेकर लिया पैसा भी हड़प लिया है।
पीड़ित का आरोप है कि अब उन्हें यह भी पता चला है कि आरोपियों ने इनकी अनुमति के बिना झूठी पहचान का इस्तेमाल करते हुए बिलासपुर स्थित एक बैंक से लोन बनाकर उसका पैसा इस्तेमाल कर लिया है। अब वे वकील भाई-बहन उन्हें वकालत का डर दिखा कर अपने पेशे का नाजायज फायदा रहे हैं। इस बारे डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि थाना में मामले को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।