सुंदरनगर (मंडी)। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने शनिवार को सुंदरनगर उपमंडल के विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उपमंडल के अंतर्गत चल रहे विकासात्मक कार्यों, योजनाओं तथा जनकल्याण से जुड़े प्रोजेक्टों की प्रगति एवं वित्तीय आवश्यकताओं पर चर्चा की गई।
सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों में चल रहे कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उपायुक्त ने लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी जनहित के विपरीत है। इसलिए अधिकारी समयबद्धता और गुणवत्ता को प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि लंबित विकासात्मक कार्यों से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि बजट स्वीकृति में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। इस बैठक में तहसीलदार सुंदरनगर अंकित शर्मा, बीडीओ विवेक चौहान, डीएसपी भारत भूषण, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद सुंदरनगर ललित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
000