विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम मंडी ने बैठक कर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम मंडी यूनिट की बैठक सोमवार को वरिष्ठ नागरिक कल्याण भवन जेल रोड में हुई। इसमें पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम के अध्यक्ष राजेश बहल ने की।
महासचिव डीडी राणा ने बैठक की कार्यवाही शुरू की। सबसे पहले सभी सदस्यों ने अपने साथियों राजिंद्र कुमार, नेता राम और रूप सिंह के अचानक निधन पर शोक व्यक्त किया। सभी वक्ताओं ने विद्युत बोर्ड की ओर से पेंशनरों के वित्तीय लाभों को समय पर न दिए जाने पर रोष जताया। कहा कि बोर्ड प्रबंधन जिन पेंशनरों की ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और बकाया एरियर का भुगतान नहीं किया है, उसे जल्द किया जाए।
अध्यक्ष राजेश बहल ने सभी सदस्यों को बोर्ड प्रबंधन के साथ हुए पत्राचार और पेंशनर फोरम की ओर से उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। प्रबंधन से आग्रह किया कि जिन पेंशनरों की लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, आयु वर्ग के हिसाब से 15, 18, 20 प्रतिशत का एरियर और 75 साल से ऊपर के पेंशनरों का 22.5 प्रतिशत एरियर बकाया है उसे शीघ्र दिया जाए। बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया कि कर्मचारी नीतीश कुमार के निलंबन को रद्द किया जाए। बैठक में सुरेश राणा, श्याम लाल, गजपाल सिंह मंडयाल, जितेंद्र वालिया, पवन दीक्षित आदि मौजूद रहे।