समिति के चुनाव में 1962 के बाद पहली बार महिला को मिली सरदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। पूर्व मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज में भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया है। सुनाह वार्ड से निर्वाचित राधा देवी सराज पंचायत समिति की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई हैं। वहीं, नेहरा वार्ड के तिलक राज को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। दोनों पदों पर चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 126 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए दोनों शीर्ष पदों के निर्वाचन परिणाम घोषित किए।
वर्ष 1962 में सराज-जंजैहली विकास खंड के गठन के बाद से अब तक यहां 12 अध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन पहली बार किसी महिला को पंचायत समिति की कमान सौंपी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इन दिनों अपने सराज दौरे के दौरान तांदी स्थित आवास पर ठहरे हुए थे। भाजपा समर्थित 15 में से 13 सदस्यों ने पहले ही उनसे मुलाकात कर समर्थन जताया था। राधा देवी को जयराम ठाकुर का करीबी और विश्वसनीय सहयोगी माना जाता है, जिसके चलते उनकी दावेदारी शुरू से ही मजबूत मानी जा रही थी। दूसरी ओर, कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या कम होने के कारण विपक्ष ने चुनावी मुकाबले से दूरी बनाए रखी। इससे पूर्व जंजैहली स्थित पंचायत समिति सभागार में आयोजित समारोह में एसडीएम संजीत शर्मा ने सभी 15 नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
15 में से 13 सदस्य पहली बार बने बीडीसी
इस बार सराज बीडीसी का स्वरूप काफी हद तक नया है। सदन के 15 में से 13 सदस्य पहली बार चुनाव जीतकर पंचायत समिति तक पहुंचे हैं। इनमें पूजा कुमारी (छतरी), प्रतिभा कुमारी (ब्रयोगी), सोनम कुमारी (संगलवाड़ा), पवना (बूंग), जितेंद्र कुमार (तुंगाधार), रूप सिंह (रोड), ईश्वर ठाकुर (थुनाग), कंवर सिंह (शिल्हीबागी), उर्मिला देवी (बागाचनोगी), झाबर सिंह (भाटकीधार) और चुडा देवी (शरण) प्रमुख हैं। अनुभवी सदस्यों में केवल परम देव, दुर्गा देवी और राधा देवी शामिल थीं।