बिजणी में पर्यवेक्षक सिकंदर कुमार और पायल वैद्य ने सभी पार्षदों की राय जानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम मंडी में महापौर और उपमहापौर चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी तेज कर दी है। बिजणी में राज्यसभा सांसद एवं पर्यवेक्षक सिकंदर कुमार और पायल वैद्य की मौजूदगी में नव-निर्वाचित पार्षदों की पहली बैठक हुई। इसमें पार्षदों को एकजुट रहने का संदेश दिया गया और संभावित दावेदारों पर चर्चा की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा और इंद्र सिंह गांधी भी मौजूद रहे। करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुई बैठक में नेताओं ने पार्षदों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनकी राय जानी। नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित 12 उम्मीदवार विजयी हुए हैं, जबकि एक निर्दलीय और एक कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। बहुमत के चलते महापौर और उपमहापौर पद पर भाजपा उम्मीदवारों का चुना जाना तय माना जा रहा है। इन पदों की दौड़ में गगन कश्यप, सुमन ठाकुर, तेजेंद्र, निर्मल वर्मा और सरिता हांडा के नाम चर्चा में हैं। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। चुनाव 29 जून को होंगे।