सुंदरनगर के तरोट में निजी बस व बाइक के बाद लोागों की उमड़ी भीड़। संवाद
सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर सुंदरनगर के तरोट में शुक्रवार दोपहर को एक निजी बस के साथ पीछे से टक्कर में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद एक ट्रक को भी पुलिस ने संदेह के आधार पर कब्जे में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बल्ह के स्यांह निवासी 31 वर्षीय कृष्ण (पुत्र नेत्र सिंह) बाइक पर सवार होकर डडौर से सुंदरनगर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह तरोट के समीप पहुंचा उसकी बाइक के आगे सुंदरनगर की ओर जा रही एक निजी बस ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगाने के कारण बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया और उसकी बाइक स्किड होकर बस के पिछले टायर से टकरा गई।
यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। इस कारण बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लेने के बाद जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हादसे के समय वहां से गुजर रहे एक ट्रक को भी संदेह के आधार पर कब्जे में लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भेजा गया है।
उधर, हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। इससे सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जाम को खोलने में मदद की। वहीं, डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।