जोगिन्द्रनगर अस्पताल के सराय भवन में बदहाल सुविधाएं। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में करीब 15 लाख की लागत से बना सराय भवन बदहाल है। अंदर रखे कबाड़ ने अस्पताल प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। आलम यह है कि बेड जंग खा गए हैं, जबकि दानी सज्जनों के माध्यम से भेंट किए बिस्तर और गद्दे गायब हैं। अब सर्द मौसम में भी मरीजों के तीमारदार फर्श पर रात काटने के लिए मजबूर हैं। अस्पताल में दुर्गम क्षेत्रों से अपने मरीजों को उपचार दिलाने के पहुंच रहे तीमारदारों को रात्रि ठहराव के लिए अस्पताल में यह दो मंजिला सराय भवन बनाया है। इसके रखरखाव में बरती लापरवाही से तमाम सुविधाएं बदहाल हो गई हैं। स्थानीय भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा की मौजूदगी में साल 2018 में इसका शुभारंभ कर मरीजों के तीमारदारों को समर्पित किया था। बीते पांच सालों में इसके रखरखाव को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से बरती गई लापरवाही के चलते सराय भवन की सुविधाएं बदहाल होती जा रही हैं। खिड़की और दरवाजे जवाब देने लग पड़े हैं। शौचालय और स्नानागार भी बदहाल हैं। सराय भवन मौजूदा समय में महज स्टोर बनकर रह गया है। यहां दानी सज्जनों की ओर से दिए गए कुछ बिस्तर और बेड खराब भी हो गए हैं।
रोटरी क्लब जोगेंद्रनगर के पूर्व अध्यक्ष अजय ठाकुर ने सराय भवन की बदहाली को लेकर लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तलब करने की मांग की विभाग के उच्च अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से की है। कहा कि इस भवन व अंदर रखे सामान को चुस्त दुरुस्त कर तीमारदारों को सुविधा दी जाए।
उधर, अस्पताल के एसएमओ डाॅ. रोशन लाल कौंडल ने कहा कि सराये भवन में जल्द तीमारदारों के लिए रात्रि ठहराव के लिए बिस्तर और बेड सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। वहीं, एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि सराय भवन की बदहाली का मामला ध्यान में है। अस्पताल प्रशासन से इसकी रिपोर्ट लेने के बाद दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
जोगिन्द्रनगर अस्पताल के सराय भवन में बदहाल सुविधाएं। संवाद