अधिवक्ता मोनिका ठाकुर बनीं अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों की अनुपालना में लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। सर्वोच्च न्यायालय और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए बार एसोसिएशन सराज, थुनाग ने कार्यस्थल पर लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने और यौन उत्पीड़न की रोकथाम और शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष कमेटी का गठन किया है।
इस संबंध में शुक्रवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता हेम सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में विशेष वर्चुअल आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की ओर से रिट याचिका (सिविल) संख्या 1245/2025 (गीता रानी बनाम भारत संघ व अन्य) के संदर्भ में जारी पत्र पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के तहत महिला अधिवक्ता मोनिका ठाकुर को कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, अधिवक्ता यादवेंद्र ठाकुर, अधिवक्ता ललित कुमार ठाकुर और अधिवक्ता महेंद्र कुमार को कमेटी का सदस्य मनोनीत किया गया।
बार एसोसिएशन के सचिव हुकम सिंह ठाकुर ने बताया कि नवगठित कमेटी न्यायालय परिसर में सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभाव रहित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि कमेटी के गठन से संबंधित अनुपालना रिपोर्ट जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मंडी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री को प्रेषित कर दी गई है।