सुंदरनगर में बार एसोसिएशन मंडी की टीम को टी-20 मैच जीतने पर सम्मानित करते मुख्य अतिथि।
सुंदरनगर (मंडी)। बार एसोसिएशन सुंदरनगर और बार एसोसिएशन मंडी के मध्य रविवार को एमएलएसएम काॅलेज के खेल मैदान में टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इसमें जिला बार एसोसिएशन मंडी ने आठ विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की है।
मैच में विशिष्ट अतिथि के तौर पर बार एसोसिएशन मंडी के अध्यक्ष दिनेश सकलानी, मैच कमेटी अध्यक्ष राजेश तिवारी और बार एसोसिएशन सुंदरनगर के अध्यक्ष विक्रांत ठाकुर मौजूद रहे। बार एसोसिएशन सुंदरनगर के कप्तान कमलेश डोगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। लवली ठाकुर ने नाबाद 107 रनों की शतकीय पारी खेली और कीर्ति ठाकुर ने 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर शानदार प्रदर्शन दिखाया। लक्ष्य हासिल करने मैदान में उतरी बार एसोसिएशन मंडी ने डीके ठाकुर के 93 और मनवीर की 50 रनों की बेहतरीन बल्लेबाजी से दो विकेट के नुकसान पर अंतिम ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।
इस मौके पर मैन ऑफ द मैच जिला बार एसोसिएशन मंडी के अधिवक्ता डीके ठाकुर रहे। मैच में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान बार एसोसिएशन मंडी के उप प्रधान देश मित्र और बार एसोसिएशन सुंदरनगर के उपप्रधान जितेंद्र शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र ठाकुर, रमेश कुमार, चुनी लाल, महेश्वर सिंह, अतुल चंदेल आदि मौजूद रहे। संवाद