बलद्वाड़ा में अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बलद्वाड़ा (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय बलवाड़ा में मंगलवार को पुरुष वर्ग की तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मुकाबले में बंजार कॉलेज ने एसपीयू मंडी को मात्र एक अंक से हराकर जीत दर्ज की। बंजार कॉलेज ने 46 अंक हासिल किए। जबकि एसपीयू मंडी की टीम 45 अंक ही जुटा पाई।
दूसरे मुकाबले में मेजबान राजकीय महाविद्यालय बलवाड़ा की टीम को जोगिंद्रनगर कॉलेज के हाथों हार का सामना करना पड़ा। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों में उत्साह भर दिया।
प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य संजय शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन समिति के प्रमुख अश्विनी मनहोत्रा हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।