सुंदरनगर क्रिकेट अकादमी में अंडर-12 की विजेता टीम मुख्य अतिथि से ट्रॉफी लेते हुए।
- फोटो : Mandi
सुंदरनगर (मंडी)। क्रिकेट अकादमी सुंदरनगर की अंडर-12 प्रतियोगिता अथर्व इलेवन ने जीती। उसने फाइनल में अरिंदम इलेवन को शिरकत दी। अथर्व इलेवन ने 78 रन से जीत हासिल की। अरिंदम इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। अथर्व इलेवन ने 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। राईसा ने 16 रन, उर्जित ने 10 रन, भूमिका ने 17 रन, शुभम ने 3 रन, निकुंज ने 18 रन, पलक ने 24 रन, अथर्व ने 54 रन और ऋषि ने 10 रन का योगदान दिया।
क्रिकेट अकादमी के कोच रविकांत जंवाल ने बताया अरिंदम इलेवन की ओर से शिवांश सोनी ने 3 विकेट, अर्नव द्रोच ने 2 विकेट, राजवीर ने 2 विकेट झटके। एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। जवाब में अरिंदम इलेवन की पूरी टीम 90 रन ही बना सकी। वंश ने 52 रन, फरहान ने 10 रन, अरिंदम ने 5 रन, शिवांश सोनी ने 4 रन और शौर्य ने 5 रन बनाए। अथर्व इलेवन की ओर से इशान ने 22 रन देकर 4 विकेट, निकुंज ने 2 विकेट और उर्जित सेन ने 2 विकेट, राईसा और भूमिका ने एक-एक विकेट लिया। विजेता टीम को हिमाचल अंडर-19 महिला टीम की कप्तान सोनल ठाकुर ने ट्रॉफी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।