पंजैहटी गांव में कला ग्राम का शुभारंभ
मंडी। मंडी शहर के साथ लगते पंजैहटी गांव में रविवार को सेवानिवृत्त कॉलेज प्राचार्य राकेश कपूर व उनके परिवार की ओर से कला ग्राम ओपन थियेटर का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन से उन्होंने अपने पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। कला ग्राम के शुरू होने से भाषा, कला, संस्कृति, शिल्प, डिजाइन और फिल्म से संबंधित भाषा वैज्ञानिकों, कलाकारों एवं कला प्रेमियों व फिल्मकारों को बेहतर मंच मिलेगा। रविवार को कला ग्राम के शुभारंभ पर शहर की विभिन्न संस्थाओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान मशहूर बांसुरी वादक भीष्म ने अपनी स्वर लहरियों से सभी को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, संगीत सदन के कलाकारों ने सरस्वती वंदना, मांडव्य कला मंच ने लुडी, हिमाचल शोध संस्कृति संस्थान से सीमा शर्मा ने एकल अभिनय और लुप्त हो रहे झेड़ा गायन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी।