जोगिंद्रनगर (मंडी)। पुलिस ने मंडी-पठानकोट हाईवे पर छाणग के पास बाइक सवार दो युवकों से आधा किलो चरस बरामद की है। इस मामले में एक कार चालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सायं पांच बजे मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर जोगिंद्रनगर के पास छाणग में नाका लगाया था। इस दौरान मंडी की तरफ से एक मोटरसाइकिल आई। बाइक चालक से कागजात मांगे तो वह घबरा गया और पीछे बैठे युवक ने भागने की कोशिश की। उसे मौके पर ही दबोच लिया। बैग में संदिग्ध वस्तु एवं नशीला पदार्थ होने का संदेह होने पर बैग की तलाशी ली तो आधा किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ पर पीछे बैठे युवक विशाल (18) निवासी आलमपुर, तहसील जयसिंहपुर, कांगड़ा ने बताया कि यह चरस उसे संजय वर्मा गांव सानू डाकघर रंगढ़ तहसील सुजानपुर जिला हमीरपुर ने दी। यह ऑल्टो कार में आगे-आगे पायलट करते हुए निकल गया है। पता चलने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाइक चालक की पहचान मोहित कुमार (18) निवासी गांव पालू डाकघर एवं तहसील भोटा जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। इस संबंध में एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल पर लाई जा रही है। आरोपियों से चरस खेप को लेकर पूछताछ की जा रही है।
000