लडभड़ोल (मंडी)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लडभड़ोल में शुक्रवार को पुलिस विभाग की ओर से नशे की रोकथाम को लेकर एक जागरुकता अभियान चलाया। नशे की रोकथाम को लेकर विद्यार्थियों में विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसमें लडभड़ोल खंड के 10 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और इसके खतरों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से नशे के विरुद्ध अपने संदेशों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया। चित्रकला में भराड़पट्ट स्कूल की कशिश प्रथम, भाषण में लडभड़ोल स्कूल की अंशिका प्रथम, कविता पाठ में लडभड़ोल स्कूल की आयुषी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यकारी प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। संवाद