हिम आंचल पेंशनर कल्याण संघ की बैठक में मनोज ठाकुर बने महासचिव
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। सामुदायिक भवन पधर में हिम आंचल पेंशनर कल्याण संघ, द्रग इकाई की बैठक संघ के अध्यक्ष बेसर राम ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। बैठक में संगठनात्मक फेरबदल के साथ पेंशनरों की लंबित मांगों और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर चर्चा की। संघ के पूर्व महासचिव केसी नेगी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके स्थान पर सर्वसम्मति से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मनोज कुमार ठाकुर को महासचिव पद का नया दायित्व सौंपा गया। उपस्थित सदस्यों ने नए महासचिव से संघ की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
संघ के अध्यक्ष ने सरकार पर पेंशनरों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से प्रमुख मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। इसमें 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 और उसके बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के एरियर का भुगतान, संशोधित पेंशन, ग्रेच्युटी, 40 प्रतिशत पेंशन कम्यूटेशन, लीव एनकैशमेंट और मेडिकल बिलों का निपटारा करने और महंगाई भत्ता सहित डीए एरियर का एकमुश्त भुगतान करने का आग्रह किया।
बैठक में शुक्ररु राम, मोहन सिंह और हरी सिंह ने सदस्यता पंजीकरण करवाया, जिनका संघ ने स्वागत किया। इस अवसर पर खेम सिंह, मोहन सिंह, हरदेव सिंह, राम सिंह, नीलमणि, शिव राम, नन्द लाल चौहान, नागनू राम, कुंनण लाल, खूब राम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।