जहां एक ओर भारी बारिश और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाएं लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर पंडोह पुलिस स्टाफ ने इंसानियत की एक मिसाल पेश की है। चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कटोच की अगुवाई में पंडोह पुलिस ने न केवल 24 घंटे सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी को बखूबी निभाया, बल्कि आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए 17,202 की राशि भी एकत्र कर इंसानियत का फर्ज अदा किया। यह कदम हिमाचल पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और समर्पण को दर्शाता है। आपदा की घड़ी में जहां हर कोई अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होता है, वहीं इन पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ अपनी जिम्मेदारियों को निभाया बल्कि पीड़ितों के दर्द को भी साझा किया। एएसआई अनिल कटोच ने बताया कि उनकी टीम ने अपनी स्वेच्छा से यह राशि एकत्रित की है। यह धनराशि माता बगलामुखी बाखली के खाते में जमा करवाई गई है, जहां से इसे डीसी मंडी आपदा राहत कोष में जमा करवाया जाएगा।