अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू), मंडी को नया नियमित कुलपति मिल गया है। राज्यपाल सचिवालय ने डॉ. डी.के. वर्मा की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। उनका कार्यकाल तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु तक रहेगा। लंबे समय से नियमित कुलपति का इंतजार कर रहे विश्वविद्यालय को अब स्थायी नेतृत्व मिलने से प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों में गति आने की उम्मीद है।
अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू), मंडी को आखिरकार नियमित कुलपति मिल गया है। राज्यपाल सचिवालय ने बुधवार को डॉ. डी.के. वर्मा को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए। उनकी नियुक्ति राज्य सरकार की सिफारिश पर की गई है।
विज्ञापन
जारी आदेशों के अनुसार डॉ. डी.के. वर्मा का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, रहेगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार वेतन-भत्ते और अन्य सेवा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
राज्यपाल सचिवालय के आदेश के अनुसार यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज अधिनियम, 2017 की धारा 14(2) के तहत की गई है।
डॉ. डी.के. वर्मा शिमला के कसुम्पटी स्थित पेन रोज हॉल के निवासी हैं। लंबे समय से नियमित कुलपति की नियुक्ति का इंतजार कर रहे एएमआरयू को अब स्थायी नेतृत्व मिल गया है। माना जा रहा है कि नियमित कुलपति की नियुक्ति से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।