जिले में चार जगहों पर 360 फ्रंट वॉरियर्स को 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। जोनल अस्पताल मंडी के तहत विजय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र स्कूल में सबसे पहले स्टाफ नर्स को वैक्सीन लगेगी। इसके बाद 100 का टीकाकरण किया जाएगा।
श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सबसे पहले एंबुलेंस चालकों को टीका लगेगा। उसके बाद 100 व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। करसोग में आशा वर्करों और सुंदरगनर में लैब तकनीशियनों को इंजेक्शन देने के बाद 80-80 व्यक्तियों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। टीकाकरण महाअभियान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुलाई जिला टास्क फोर्स की बैठक में यह जानकारी उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि पुणे स्थित सिरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की तैयार कोविशील्ड नाम की यह वैक्सीन बेहद प्रभावी और सुरक्षित है।
मंडी जिले में कोरोना वैक्सीन के 7200 डोज वीरवार मध्यरात्रि जोनल अस्पताल पहुंचे। टीकाकरण वाहन में लाहौल स्पीति, कुल्लू और बिलासपुर के लिए भी कोरोना वैक्सीन पहुंची थी, जिसे रात ही संबंधित जिलों को भिजवाया गया।
...
पहली फरवरी तक लगेगा टीका
16 जनवरी के उपरांत 18, 22, 23, 28 और 30 जनवरी तथा पहली फरवरी को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। जिले में 111 स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण कार्य किया जाएगा। पहले चरण में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों (जिसमें स्वास्थ्य महकमे के सभी कर्मियों के साथ-साथ आयुष एवं प्राइवेट स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का टीकाकरण किया जाएगा।
....
इन बातों का रखें ख्याल
कोविशील्ड की पहली और दूसरी डोज में 28 दिन का अंतराल होगा। दूसरी डोज लगने के 14 दिन बाद कोराना के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित होगी। पहली डोज लगने से कुल 42 दिन बाद प्रतिरोधक क्षमता का पूर्ण विकास होगा। इसलिए लोग किसी तरह की असावधानी न करें और न कोई भ्रांति पालें। यह भी ध्यान रखें कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सावधानी बरतने में कोताही न करें।
....
स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह तैयार : डॉ. देवेंद्र शर्मा
सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा कहा कि टीकाकरण कार्य और कोविन पोर्टल के इस्तेमाल को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। माइक्रो स्तर पर प्लानिंग की गई है। टीकाकरण स्थल पर सभी जरूरी सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। किसी भी प्रकार की परेशानी से निपटने के लिए स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह तैयार है।
000
कोरोना वैक्सीन कोविसील्ड- फोटो : Mandi