जोगिंद्रनगर (मंडी)। धर्मशाला में कॉलेज की एक छात्रा से बर्बरता पर जोगिंद्रनगर में भी रोष है। आंबेडकर कल्याण सभा ने मामले में नामजद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। सभा के अध्यक्ष पूर्ण चंद कौंडल ने छात्रा से रैगिंग और बर्बरता पर नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू, पुलिस महानिदेशक और कांगड़ा जिला के पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
कहा कि हिमाचल में अनुसूचित जाति की बेटियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभा के पदाधिकारियों के साथ एक आपात बैठक कर उच्च स्तरीय जांच की मांग के साथ इन्साफ न मिलने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी है।
जोगिंद्रनगर में संपन्न हुई आंबेडकर कल्याण सभा की बैठक में मौजूद एनआर अत्री (सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता) और मुख्य संरक्षण जगरनाथ ने शैक्षणिक संस्थानों में बेटियों की सुरक्षा पर और भी सख्त कदम उठाने की मांग रखी। बैठक में मौजूद महासचिव केवल राम, राम दास, अनिल कुमार, गोबिंद राम, बंशी राम, अमित और ढेलू वार्ड से बीडीसी सदस्य ने धर्मशाला में कॉलेज की छात्रा मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। संवाद