सिलिंडर मिला नहीं, डिलीवरी का भेजा दिया मैसेज
संवाद न्यूज एजेंसी
कटौला (मंडी)। कटौला में गैस सप्लाई को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। क्षेत्र की करीब 16 पंचायतों के लोग काफी समय से गैस की किल्लत झेल रहे हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ताजा मामले में उपभोक्ता रफी ने 13 मार्च को गैस सिलिंडर बुक कराया, लेकिन अभी तक गैस सिलिंडर नहीं मिला।
हैरानी की बात तब सामने आई जब बिना गैस दिए ही उपभोक्ता को डिलीवरी का मैसेज भेज दिया गया। लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार इस तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिसमें गैस किसी अन्य को दे दी जाती है और रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखा दी जाती है। इससे उपभोक्ताओं में भारी रोष है।
क्षेत्र में गैस सप्लाई का जिम्मा राव गैस एजेंसी के पास है, लेकिन लोगों का आरोप है कि लंबे समय से कटौला क्षेत्र में गैस की गाड़ी नहीं पहुंच रही है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब स्थिति यह बन गई है कि संबंधित उपभोक्ता अगली बुकिंग 24 अप्रैल को ही कर सकता है, जिससे तब तक बिना गैस के गुजारा करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित गैस सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
उधर, राव गैस एजेंसी मालिक सविता राव ने बताया कि गलती से मैसेज आ गया होगा। उपभोक्ता को गैस सिलिंडर उपलब्ध करवा दिया जाएगा।